Rich people Vs Poor People : गरीबों की तुलना में अमीर लोग जीते हैं 10 साल ज्यादा

Rich people Vs Poor People : गरीबों की तुलना में अमीर लोग जीते हैं 10 साल ज्यादा
50 साल की उम्र के बाद सबसे अमीर पुरुषों ने औसतन कम से कम 31.5 साल अच्छी तरह से सवस्थ जीवन जीते हुए गुजारा।

Rich people Vs Poor People : यदि आप अमीर हैं, तो इसका सबसे ज्यादा फायदा आपको बुढ़ापे में होगा। अमेरिका में किए गए एक अध्ययन में पाया गया है कि गरीबों की तुलना में अमीर लोग 10 साल तक ज्यादा जीते हैं। अध्ययन के अनुसार अमेरिका और इंग्लैंड के सबसे गरीब लोगों की तुलना में अमीर व्यक्ति नौ साल से ज्यादा समय तक स्वस्थ, विकलांगता मुक्त जीवन जीते हैं।

द जर्नल्स ऑफ जेरोन्टोलॉजी : सीरीज ए (The Journals of Gerontology: Series A) में यह अध्ययन प्रकाशित किया गया है। इसके लिए 10 साल तक 50 वर्ष से अधिक उम्र के 25,000 से अधिक वयस्कों के आंकड़ों की जांच की गई। ऐसे कारकों की तलाश की गई जो यह संकेत दे सकें कि वे उम्र से संबंधित अक्षमताओं से पीड़ित होने से पहले कितने समय तक स्वस्थ जीवन जीते रहे थे। जैसे कि क्या वे किराने के सामान खरीदने के लिए दुकान तक बाहर जाने में सक्षम थे या बिस्तर से उतरने में कितनी उम्र तक सक्षम थे। इसके साथ ही इन मामलों में उनके सामाजिक और आर्थिक कारकों ने क्या भूमिका निभाई।

शोधकर्ताओं ने निष्कर्ष निकाला कि 50 साल की उम्र के बाद सबसे अमीर पुरुषों ने कम से कम 31.5 साल अच्छी तरह से सवस्थ जीवन जीते हुए गुजारा। वहीं, गरीब लोगों के 50 साल की उम्र के बाद महज 22 से 23 साल ही स्वस्थ जीवन जीने की उम्मीद कर सकते हैं। महिलाओं के मामले में उन्होंने पाया कि अमीर महिलाएं 50 साल की उम्र के बाद करीब 33 वर्षों तक बिना शारीरिक अक्षमता के स्वस्थ जीवन जी रही थीं, जबकि सबसे गरीब महिलाओं के लिए यह समय मजह 24 साल ही था।

अध्ययन में पाया गया है कि जीवन प्रत्याशा स्वास्थ्य का एक उपयोगी संकेतक है, लेकिन यह तेजी से माना जा रहा है कि जीवन के शेष वर्षों की गुणवत्ता भी महत्वपूर्ण है। यह अब अच्छी तरह से स्थापित है कि संयुक्त राज्य अमेरिका और इंग्लैंड में सामान्य स्वास्थ्य और जीवन प्रत्याशा दोनों में सामाजिक-आर्थिक असमानताएं असर डाल रही हैं।

धन का मूल्यांकन करने के लिए यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन, हार्वर्ड विश्वविद्यालय और कई अन्य विश्वविद्यालयों के शोधकर्ताओं ने घर, गहने और कलाकृति के साथ-साथ एक व्यक्ति के जीवन में संचित बचत और निवेश को ध्यान में रखा। आय से अलग औसत धन में सबसे गरीब समूह के लिए 29,000 डॉलर (20 लाख 71 हजार 977), मध्यम समूह के लिए एक लाख 80 हजार डॉलर (एक करोड़ 28 लाख 60 हजार 550 रुपए) और सबसे अमीर समूह के लिए नौ लाख 80 हजार डॉलर (सात करोड़ 18 हजार 550 रुपए) था।